कांग्रेस में नया विवाद: एक पद पर दो नियुक्तियां

रायपुर।।संगठन में पदाधिकारियों की नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस में नया विवाद खड़ा हो गया है। यह विवाद यूथ कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर है। केंद्रीय नेतृत्व ने दिसम्बर 2020 में विवेक अग्रवाल को मीडिया विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था। अब एक नया आदेश निकालकर निखिल द्विवेदी को अध्यक्ष बना दिया गया है। इसको लेकर यूथ कांग्रेस में विवाद शुरू हो गया है।

पिछले साल 19 दिसंबर को यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी संतोष कोलकुंडा, राष्ट्रीय सचिव एकता ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद्र पाढ़ी और यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी और प्रवक्ता विवेक मेहता ने रायपुर के विवेक अग्रवाल को मीडिया विभाग का अध्यक्ष बनाया था। नियुक्ति आदेश में यूथ कांग्रेस के 7 प्रवक्ताओं की भी नियुक्तियां हुई थीं। अब यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल राव ने राजनांदगांव के निखिल द्विवेदी को छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग का अध्यक्ष बनाया है।

निखिल कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के राष्ट्रीय महासचिव रहे हैं। उनके समर्थकों का दावा है कि राजनांदगांव में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलनों में उनपर 120 मामले दर्ज हैं। निखिल द्विवेदी की नियुक्ति के साथ यूथ कांग्रेस में विवाद शुरू हो गया है। कई पदाधिकारियों ने इसके खिलाफ प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में प्रदेश पदाधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर जल्दी ही कुछ पदाधिकारी यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी से मिलने जाएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- जो नियुक्ति उन्होंने की वही सही

यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल राव ने कहा, वे मीडिया विभाग के अध्यक्ष हैं। प्रदेशों में विभाग के इंचार्ज बनाने का अधिकार उनका है। प्रदेश में पहले किसने-किसे अध्यक्ष बनाया था, उनका उससे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने निखिल द्विवेदी को अध्यक्ष बनाया है। अभी के वक्त में निखिल द्विवेदी ही छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष हैं।

Leave a Reply