अंबिकापुर : सावधान! सड़क पर कचरा फेंकोगे…जुर्माना भरोगे

अंबिकापुर।। शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। कभी भी भारत सरकार की टीम यहां का निरीक्षण करेगी। ऐसे समय में नगर निगम सफाई का अभियान चला रहा है। शहर के नागरिक स्वच्छता को लेकर सहयोग भी कर रहे हैं किंतु कुछ लोग शहर में गंदगी फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर नगर निगम हर रोज जुर्माना वसूलने की कार्रवाई कर रहा है।

डेढ़ माह में शहर में गंदगी फैलाने वालों से 65 हजार की राशि बतौर जुर्माना वसूल की गई है। शहर में प्लास्टिक पर भी प्रतिबंध लगा है, इसके बावजूद दुकानों और होटलों में खुलेआम प्लास्टिक की पन्नियों का इस्तेमाल भी महंगा पड़ रहा है। प्लास्टिक की पन्नियां भी जब्त की जा रही हैं।

अब तक 30 हजार से अधिक का जुर्माना प्लास्टिक के उपयोग करने वाले दुकानदारों पर लगाया जा चुका है। गौरतलब है कि स्वच्छ शहर अंबिकापुर में महिलाएं व नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी स्वच्छता को लेकर एकजुटता से काम कर रहे हैं। शहर के नागरिक भी शहर की सफाई व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं। सुबह-शाम ही नहीं इस शहर में रात में भी सफाई अभियान चलता है। बावजूद इसके शहर के कुछ ऐसे व्यवसायी व नागरिक हैं जो अपने दुकान और घर का कचरा निकाल कर सड़कों पर जमा कर देते हैं। एक ओर नगर निगम सुबह कचरे का उठाव करता है वही कुछ लोग कचरा जमा कर देते है। 

शाम होते तक लोग दुकानों का कचरा सड़क पर डाल देते हैं। नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय ने ऐसे लोगों पर नजर रख रखने के निर्देश दिए हैं। सफाई विभाग थोड़ी भी लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है, बावजूद इसके कई ऐसे ही स्थान है जहां लोग कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर अलग से निगरानी रखी जा रही है। स्वच्छता कार्य में लगी महिलाओं को भी ऐसे लोगों पर नजर रख उनकी सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

संगम गली के व्यवसायियों पर नजर रखने की दरकार

शहर के विजय मार्ग संगम गली में कुछ व्यवसायियों के द्वारा खुलेआम सड़क पर कचरे का ढेर लगाया जा रहा है। संगम गली के लगे गुजरी मोड़ पर हर रोज सुबह नगर निगम सफाई कर कचरा का ढेर हटा रहा है, वहीं शाम ढलते दुकान बंद करने के दौरान व्यवसायी कचरा फेंक कर चले जाते हैं। विडंबना यह है कि हर रोज निगम के कर्मचारी यहां से कचरे का उठाव कर रहे हैं पर कौन कचरा फैला रहा है उस पर कार्रवाई नहीं कर रहे। कुछ स्थानों पर निगम के सफाई विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी दरियादिली दिखा रहे हैं। यही कारण है कि जगह-जगह कचरे का ढेर कुछ लोगों के द्वारा किया जा रहा है।

सभी अधिकारी कर्मचारियों को एवं जोन प्रभारियों को स्वच्छता पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर यदि कुछ लोग जानबूझकर कचरे का ढेर जमा कर रहे हैं और हर रोज निगम को सफाई करनी पड़ रही है तो ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई होगी। हर रोज जुर्माने की कार्रवाई भी चल रही है।

प्रभाकर पांडेय

आयुक्त, नगर निगम

अंबिकापुर

Leave a Reply