आधा छत्तीसगढ़ तरबतर; फरवरी में और बढ़ सकती है ठंड…

रायपुर।।छत्तीसगढ़ में गर्म हो रहे मौसम के बीच अचानक आये बादलों ने जनवरी में बरसात करा दिया। अलग-अलग दिशाओं से आई गर्म और ठंडी हवाओं ने आसमान में बादल बनाये। इसकी वजह से आज सुबह रायपुर, बिलासपुर, महासमुंद, धमतरी, बेमेतरा, दुर्ग, रायगढ़ के अधिकतर हिस्सों में बरसात हुई। इसकी वजह से दिन सामान्य से अधिक ठंडा महसूस होने लगा है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के एचपी चंद्रा ने बताया, 28 जनवरी से वातावरण के निचले हिस्से में दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवा तथा उत्तर-पश्चिम से आई ठंडी और शुष्क हवा का मिलन क्षेत्र ( wind confluence zone) बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तर और मध्य क्षेत्र में कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई है। आज दिन में दक्षिण के जिलों में भी ऐसी हल्की बरसात हो सकती है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, इस बरसात से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा लेकिन अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है। शनिवार को भी प्रदेश में आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। ऐसा अनुमान लगाया गया है। उन्होंने बताया 31 जनवरी तक आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा।

फरवरी की शुरुआत में फिर गिरेगा पारा

मौसम विज्ञानियों ने अनुमान लगाया है कि 31 जनवरी से ही सरगुजा-बिलासपुर संभागों में ठंड बढ़ने लगेगी। 31 जनवरी के बाद प्रदेश के आसमान से बादल भी हट जाएंगे। फरवरी की शुरुआत में प्रदेश शेष हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। दिन के तापमान में किसी खास परिवर्तन की संभावना नहीं है।

Leave a Reply