कोरोना से देश के कई हिस्सों में फिर हुई लॉकडाउन की वापसी और नाइट कर्फ़्यू…

नई दिल्ली।। देश में कोरोना संक्रमण के आंकड़े एक बार फिर डराने लगे हैं। तमाम उपायों के बावजूद महाराष्ट्र समेत छह राज्यों में स्थिति नियंत्रण में नहीं आ रही है। इन राज्यों के चलते देश में ढाई महीने बाद पहली बार एक दिन में 23 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। सौ से ज्यादा मरीजों की जान भी गई है। सक्रिय मामले भी दो लाख के करीब पहुंच गए हैं। इसके चलते देश के कई हिस्सों में लॉकडाउन की वापसी हो गई है। यही नहीं कई शहरों में नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है। साथ ही स्कूलों को फिर बंद करने की नौबत आ गई है।

फिर हुई लॉकडाउन की वापसी

देश के छह राज्‍यों महराष्‍ट्र, पंजाब, केरल, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक में सबसे ज्‍यादा मामले सामने आ रहे है। महाराष्ट्र में एक बार फिर लॉकडाउन (Lockdown Again) की वापसी हो रही है। नागपुर और परभणी जिले में लॉकडाउन लगाया गया है। पुणे में 31 मार्च तक स्कूलों कॉलेजों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यही नहीं होटल रेस्‍तरां को भी देर तक खोलने की मनाही है।

इन जिलों में सख्‍त पाबंदियां

अमरावती, नासिक, ठाणे, औरंगाबाद समेत कई जिलों में स्‍कूल बंद हैं। साथ ही इन जिलों में सख्‍त पाबंदियां लगाई गई हैं। मुंबई में मास्‍क नहीं पहनने वालों पर सख्‍ती बढ़ाई गई है। नागपुर और भुसावल डिवीजनों के कुछ स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्म टिकट की कीमत 50 रुपये कर दी गई है। नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, बडनेरा, मडगांव, शेगांव, अकोला, अमरावती और खांडवा स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट 50 रुपये का कर दिया गया है।

पंजाब में स्‍कूल कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद

पंजाब में भी कोरोना की बढ़ती रफ्तार डराने लगी है। राज्‍य में प्री नर्सरी से लेकर 12वीं तक सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। पंजाब की मंत्री अरुणा चौधरी ने शनिवार को अगले आदेश तक राज्‍य के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद किए जाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब में कोरोना संक्रमण कुल 6,030 लोगों की जान जा चुकी है। पंजाब सरकार ने जनवरी में आंगनवाड़ी केंद्रों को पहली फरवरी से दोबारा खोलने की घोषणा की थी।

मध्‍य प्रदेश में भी खतरनाक संकेत

मध्‍य प्रदेश सरकार ने भी कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भोपाल और इंदौर में रविवार या सोमवार से नाइट कर्फ्यू लगाने के संकेत दिए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि सूबे में कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी चिंता की बात है। भोपाल और इंदौर जिले में रविवार या सोमवार से नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। यही नहीं आयोजनों में भी लोगों की मौजूदगी कम करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

महाराष्ट्र से लगते जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश

मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत महाराष्ट्र की सीमाओं से लगे जिलों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। महाराष्ट्र से आने वाले विमानों, ट्रेनों और बस यात्रियों की थर्मल जांच के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को मास्क लगाने, साबुन से हाथ धोने, शारीरिक दूरी का पालन करने के साथ ही भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचने को कहा गया है।

महाराष्ट्र में 15 हजार से ज्यादा नए केस

समाचार एजेंसियों से देर रात मिले आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में शुक्रवार को 15,817 नए केस मिले और 56 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले, 15 हजार से ज्यादा मामले पिछले साल दो अक्टूबर को मिले थे। राज्य में अब तक 22.82 लाख संक्रमित मिल चुके हैं और 52,723 लोगों की जान भी जा चुकी है।

नए मामलों से रोज टूट रहा पिछला रिकॉर्ड

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में संक्रमण के 23,285 नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले, पिछले साल 24 दिसंबर को इससे ज्यादा 24,712 मामले पाए गए थे। मात्र छह दिनों में ही देशभर में 1,16,758 मामले पाए जा चुके हैं। इस दौरान 117 लोगों की मौत भी हुई है।

रिकवरी रेट भी घटी

मंत्रालय के मुताबिक देशभर में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 13 लाख आठ हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ नौ लाख 53 हजार से अधिक मरीज पूरी तरह से संक्रमण मुक्त भी हो चुके हैं और 1,58,306 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर घटकर 96.86 फीसद पर आ गई है और मृत्युदर 1.40 फीसद है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,97,237 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.74 फीसद है।

गुरुवार को 7.40 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में गुरुवार को 7,40,345 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 22 करोड़ 49 लाख 98 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

अब तक वैक्सीन की 2.80 करोड़ डोज दी गई

वहीं टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम सात बजे तक लाभार्थियों को वैक्सीन की कुल 2.80 करोड़ डोज दी जा चुकी थी। इनमें से 18.40 लाख डोज शुक्रवार को दी गई। 2.80 करोड़ डोज में से 72.84 लाख स्वास्थ्यकर्मियों, 72.15 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स, 71.69 लाख वरिष्ठ नागरिकों और 45 साल से ज्यादा एवं गंभीर रोगों से ग्रस्त 12.30 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। स्वास्थ्यकर्मियों में से 41.76 लाख और फ्रंटलाइन वर्कर्स में से 9.28 लाख को दूसरी डोज भी दी जा चुकी है।  

Leave a Reply