खरीदी केंद्र प्रभारी व आपरेटर हटाए गए…

बडसरा।।हमेशा से सुर्खियों में रहने वाला धान खरीदी केंद्र शिवप्रसाद नगर फिर सुर्खियों में आ गया, जब अनुविभागीय अधिकारी प्रकाश सिंह राजपूत के प्रतिवेदन पर उप पंजीयक ने धान खरीदी केंद्र प्रभारी सहित कंप्यूटर आपरेटर को खरीदी केंद्र से पृथक करते हुए पटवारी को धान खरीदी केंद्र प्रभारी व कंप्यूटर आपरेटर सहायक ग्रेड तीन को शिवप्रसाद नगर धान खरीदी केंद्र में नियुक्त किया है।

धान खरीदी केंद्र शिव प्रसाद नगर को बिचौलिओं का सबसे बड़ा गढ़ माना जाता है। यही कारण है कि अधिकारियों की पैनी नजर इस धान खरीदी केंद्र में बनी रहती है। अगर पंजीयन की बात करें तो पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष पंजीकृत किसानों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है तथा वहीं कई जगह के किसान अपने रकबा का रोना रो रहे हैं लेकिन यहां कि स्थिति सबसे उलट बयां कर रही है।

यही कारण है कि इस सत्र में भैयाथान के अनुविभागीय अधिकारी प्रकाश सिंह राजपूत शिवप्रसाद नगर धान खरीदी केंद्र में लगातार सघन दौरा करते हुए अवैध धान जब्त करते हुए कार्यवाही की थी। एसडीएम प्रकाश सिंह राजपूत के प्रतिवेदन पर उप पंजीयक जीएस शर्मा ने शिवप्रसादनगर धान खरीदी केंद्र प्रभारी जिवतेश श्रीवास्तव व कंप्यूटर अपरेटर वसीम अकरम को धान खरीदी केंद्र से तत्काल पृथक कर दिया है व इनके स्थान पर अभय सिंह पटवारी को धान खरीदी केंद्र प्रभारी बनाया गया है तथा कंप्यूटर आपरेटर का जिम्मा रजनीश तिवारी सहायक ग्रेड तीन को दिया गया है। ज्ञात हो विगत वर्ष 2019-20 में तो शासन द्वारा आदेश जारी कर संतोष सिंह पटवारी को शिवप्रसाद नगर धान खरीदी केंद्र का प्रभारी बनाया गया था, इसके बावजूद भी लगभग 740 क्विंटल धान कम हुआ था।

By पंचायत समीक्षा न्यूज़ -PSN

Leave a Reply