घरवाली ने की ‘बाहरवाली’ की हत्या:पति के साथ अवैध संबंध का शक था…

कटनी।। पति के साथ अवैध संबंधों के शक में घरवाली ने ‘बाहरवाली’ की हत्या कर दी। पत्नी ने झगड़े बाद पति की प्रेमिका के सिर पर कुल्हाड़ी मारी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने भाई की मदद ली। भाई-बहन ने मिलकर शव को नाले में दफना दिया।

पुलिस ने आरोपी भाई-बहन को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मामला जिले के ढीमरखेड़ा थाने की सिलौड़ी चौकी क्षेत्र का है। पूछताछ में महिला ने वारदात कबूल कर ली।

कटनी एसपी मयंक अवस्थी ने बताया, कुंडम थाना क्षेत्र में सिमरिया गांव निवासी रुक्मिणी (25) पति नरेश बर्मन 11 मई 2020 से घर से लापता हो गई थी। उसकी गुमशुदगी की शिकायत परिजन ने कुंडम थाने में दर्ज कराई। जांच में पता चला कि महिला गांव के ही पूरनसिंह (35) से प्रेम करती थी। पूरनसिंह भी शादीशुदा है। दोनों को ही दो-दो बच्चे हैं। रुक्मिणी पति और बच्चों को छोड़कर पूरनसिंह के साथ जबलपुर रहने चली गई। इसकी खबर पूरनसिंह की पत्नी सम्मोबाई को लगी। पहले तो उसने विरोध किया, लेकिन बाद में समझौता हो गया। इसके बाद सम्मोबाई और रुक्मिणी पूरनसिंह के साथ जबलपुर के अधारताल क्षेत्र में रहने लगी थीं।

विवाद के बाद मार डाला

तीनों ही यहां मजदूरी करके जीवनयापन करते थे। लॉकडाउन के कारण काम बंद हुआ, तो सभी गांव आ गए। यहां रुक्मिणी फिर से अपने पति नरेश बर्मन के साथ रहने लगी। पूछताछ में आरोपी सम्मोबाई ने बताया कि एक दिन दोनों जंगल में लकड़ियां बीनने गई थीं। यहां उनके बीच विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर रुक्मिणी ने सम्मोबाई का गला दबाया। सम्मोबाई ने कुल्हाड़ी से रुक्मिणी के सिर पर वार कर दिया। लहूलुहान रुक्मिणी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सख्ती पर कबूल किया जुर्म

एसपी के मुताबिक शक के आधार पर सम्मोबाई से पूछताछ की गई। पहले वह बरगलाती रही, लेकिन सख्ती करने पर वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने सम्मोबाई और शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच भी की है।

Leave a Reply