फांसी पर लटकती मिली युवक की लाश, एक महीने पहले किया था प्रेम विवाह

बिलासपुर।।उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित लकड़ी मिल के स्टाफ क्वाटर में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पूछताछ में पता चला है कि मृतक ने एक महीने पहले ही रतनपुर में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद सात फरवरी से पति-पत्नी साथ रह रहे थे। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे हरीराम पटेल पटेल टिंबर का संचालन करते हैं। उनके यहां तखतपुर के चनाडोंगरी निवासी सतीश कुमार पटेल(20 वर्ष) बीते सात फरवरी से काम करता था। युवक यहां स्टाफ क्वार्टर में अपनी पत्नी पूर्णिमा के साथ रहता था। बुधवार की रात पति-पत्नी खाना खाकर सोने चले गए। सुबह सात बजे पत्नी ने उसे अपने कमरे से बाहर निकलते देखा।

इसके कुछ देर बाद ही पूर्णिमा ने बगल के कमरे में सतीश को फांसी पर झूलते देखकर तत्काल फंदा काटा। साथ ही चिल्लाकर इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इस पर संस्थान के संचालक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूछताछ में पता चला कि दो महीने पहले युवक सिरगिट्टी स्थित फैक्ट्री में काम करता था। इस दौरान वहां पर पूर्णिमा अपने परिवार के साथ रहकर काम करती थी। दोनों ने एक महीने पहले भागकर रतनपुर में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद पूर्णिमा अपने परिवार के साथ रहती थी। बीते सात फरवरी को दोनों साथ उसलापुर में काम करने आए थे।

दस मिनट पहले पिता से मांगे थे एक हजार रुपये

युवक ने घटना के दस मिनट पहले अपने पिता संतराम को फोन किया था। इस दौरान सतीश ने अपने पिता को बीमार होने की जानकारी दी थी। युवक ने इलाज कराने के लिए पिता से एक हजार रुपये मांगे थे। इस पर पिता ने तत्काल रकम नहीं होने की बात कही। साथ ही शाम तक रुपये की व्यवस्था कर देने की बात भी कही थी। इसके बाद युवक गमछा लेकर कमरे से निकल गया था।

Leave a Reply