भाजपा का मिशन 2023: प्रदेश प्रभारी बोलीं- भाजपा का भाग्य कार्यकर्ता ही तय करते हैं…

रायपुर।। माना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में पहुंची भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि भाजपा का भाग्य हमेशा कार्यकर्ता ही तय करते हैं। मंच से परे भी उन्होंने पार्टी के बड़े नेताओं को नाराज कार्यकर्ताओं को साथ लाने और मिशन 2023 के लिए कार्यकर्ताओं की फौज को तैयार करने की नसीहत दी है। पुरंदेश्वरी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को लेकर कहा कि समय से पहले ही सत्र को खत्म करके सरकार विपक्ष के द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों से भाग खड़ी हुई। प्रदेश की कांग्रेस सरकार लगातार विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है।

प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रस्ताव

बैठक में मौजूदा कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया। अब प्रदेश भाजपा, बोरोजगारी भत्ता, कर्मचारियों के नियमितीकरण, शराब बंदी के मुद्दों पर सरकार को घेरेगी। बैठक में आधिकारिक तौर पर कहा गया कि भाजपा की यह प्रदेश कार्यसमिति कांग्रेस सरकार को उनके जन घोषणा पत्र में किए सभी वादे पूरे करने, साथ ही अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की चेतावनी देती है। यह कार्यसमिति भाजपाजनों का आह्वान करती है कि वह कांग्रेस की इन विफलताओं, कुनीतियों को जन-जन तक पहुचाने में पूरी ऊर्जा के साथ काम करें।

लक्ष्य 2023

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि हम सबका एक ही लक्ष्य है मिशन 2023 । हमारे सामने जनविरोधी प्रदेश सरकार की असफलता को जनता के बीच लेकर हमें बताना होगा कि यह सरकार केवल सत्ता के सुख में मस्त और व्यस्त है। उन्होंने कहा कि तय कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने की जरूरत है। हम सबकी सक्रियता से ही सार्थक परिणाम आएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने सभी से अपील की हम सबको मजबूत इच्छाशक्ति के साथ विजय संकल्प के जुटना होगा।

माफिया राज की जननी कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि माफिया राज की जननी के रूप में हमेशा कांग्रेस की पहचान रही है। जब भी कांग्रेस सत्ता में आई है। तस्करों और माफियाओं की चांदी रही है। यही हाल पूरे प्रदेश में है। रेत माफिया से लेकर भू-माफिया, कोल माफिया हावी है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार का इनका पूरा समर्थन रहा है। जिसके कारण पूरे प्रदेश में आतंक का माहौल है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रदेश की कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देना होगा।

सरकार में हिम्मत नहीं

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश की असफल सरकार ने अपने कार्यकाल के 26 महीने का वक्त बीत जाने के बाद भी 16 जनहित के कार्य नहीं किए है। इस सरकार के पास किसी के भी सवालों का जवाब देने का हिम्मत नहीं है। सदन में सरकार पूरी तरह से निरूत्तर रही है। अपराध की घटनाएं आम हो गई है। सब तरफ भय का वातावरण है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के पास बताने को कुछ भी नही है। यह पूरी कांग्रेस की सरकार काल्पनिक और इवेंट मैनेजरों के सहारे चल रही है।

Leave a Reply