रिश्तेदारों के आने से भड़का पड़ोसी: टंगिया से मारने का प्रयास

बिलासपुर।।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवक ने पड़ोस में किराये से रहने वाली विधवा महिला के घर में घुसकर टंगिया से हमला कर मारने का प्रयास किया। महिला चिल्लाती हुई भागी तो शोर सुनकर मकान मालकिन पहुंची और बीच बचाव कर युवक को बाहर भगाया। युवक ने पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की भी धमकी दी। इसके चलते महिला ने एक दिन बाद FIR दर्ज कराई। महिला के रिश्तेदारों के घर आने से युवक नाराज था।

जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस क्षेत्र के तालापारा में रनिया यादव किराये से सुख बाई के मकान में रहती हैं। वह विधवा हैं और अकेले ही रहती हैं। रनिया ने पुलिस को बताया कि वह 2 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे बाथरूम में नहा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला लड़का ठाकुर पाटले हाथ में टंगिया लिए घर में घुस आया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारे रिश्तेदार यहां क्यों आते हैं।

बहन और परिवार वालों से सलाह के बाद दर्ज कराई FIR

इसके बाद महिला बाथरूम से निकल कर कमरे में गई तो आरोप है कि ठाकुर पाटले ने टंगिया से उस पर वार किया, लेकिन वह बच गई। इस पर वह चिल्लाती हुई भागी तो शोर सुनकर मकान मालकिन पहुंच गई। उन्होंने बीच बचाव किया तो फिर गाली-गलौज करने लगा। पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पहले तो महिला डर कर चुप हो गई, फिर अपनी बहन और परिवार वालों से सलाह लेने के बाद FIR दर्ज कराने थाने पहुंची।

Leave a Reply