श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए फर्जी रसीद छपवाकर वसूली…

बिलासपुर।।अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए इन दिनों पूरे देश में घूम-घूमकर निधि कलेक्शन किया जा रहा है। ऐसे में कुछ शातिर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। एक महिला ने फर्जी बिल रसीद छपवाकर मंदिर निर्माण निधि की राशि अपने खाते में ट्रांसफ़र करा ली। इसको लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निधि समर्पण समिति की ओर से सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज कराई गई है।

जानकारी के मुताबिक, श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निधि समर्पण समिति की ओर निधि कलेक्शन किया जा रहा है। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों को पता चला कि बिलासपुर में एक महिला उषा आफले भी निधि संग्रह कर रही हैं। आरोप है कि उषा समिति और मंदिर प्रबंधन से नहीं जुड़ी हैं। बावजूद इसके उन्होंने फर्जी रसीद छपवा ली और निधि संग्रह करना शुरू कर दिया। उसके रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कराए।

सोशल मीडिया के जरिए धोखाधडी का पता चला

समिति के अध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा और संयोजक संदीप गुप्ता ने पुलिस को बताया कि निधि संग्रह के लिए वैधानिक रसीद और कूपन प्रत्येक दानदाता को दी जा रही है। उषा आफले ने निजी रसीद छपवा कर निजी एकाउंट में रुपए ट्रांसफर कराए हैं। उन्हें इसकी जानकारी फेसबुक और वॉट्सऐप के माध्यम से मिली है। इसके चलते कई लोग ठगी के शिकार हुए हैं। उन्होंने पुलिस से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।

प्रिंटर ने भी दी पुलिस को शिकायत

वहीं रसीद छापने वाले प्रिंटर ने खुद को इस मामले से पूरी तरह अलग कर लिया है। मगरपारा स्थित गोस्वामी प्रिंटर्स की ओर से भी शिकायत दी गई है। इसमें कहा गया है कि 11 जनवरी को उषा आपले ने श्रीराम मंदिर की रसीद 300 पेज की छपवाई थी। इसमें 50 पन्ने की 6 बुक शामिल हैं। अधिकृत व्यक्ति की जानकारी न होने के कारण उन्होंने रसीद प्रिंट कर दी। साथ ही यह भी कहा गया है कि उषा आपले इसके लिए अधिकृत नहीं है। इसकी जानकारी उनको नहीं थी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से बनाई गई है समिति

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निधि समर्पण समिति का गठन प्रत्येक राज्य में मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह को किया गया है। इसे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से बनाया गया है। मंदिर निर्माण के लिए दानदाताओं को कूपन दिया जा रहा है। यह कूपन 10, 100 और 1000 रुपए का है। इससे ज्यादा के लिए रसीद दी जा रही है। इन रुपयों को SBI, PNB और BOB की शाखाओं में जमा कराया जाएगा। इसके लिए अलग से काउंटर भी बनाए गए हैं।

Leave a Reply