सरगुजा:बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर कुक्कुट एवं उसके उत्पादों का डिस्पोजल प्रारंभ

10 किलोमीटर परिधि में आने वाले कुक्कुट एवं कुक्कुट उत्पाद का विक्रय प्रतिबंधित

अम्बिकापुर।। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. एन.पी सिंह ने बताया है कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान एवियन इनफ्लूएन्जा ओ.आई.ई. प्रयोग शाला भोपाल के द्वारा शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र सकालो, अम्बिकापुर के नमूना जांच में एवियन इनफ्लूएन्जा (एच 5 एन 1) का संक्रमण पाया गया है।

भारत सरकार द्वारा एवियन एनफ्लुएंजा की रोकथाम और संक्रमण के लिए संशोधित कार्य योजना 2021 के निर्धारित मापदण्ड के अनुसार कार्यवाही किया जा रहा है जिसके तहत प्रक्षेत्र के अतिरिक्त 1 किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन तथा 10 किलोमीटर की परिधि को सर्विलेंस जोन घोषित किया गया है। सकालो प्रक्षेत्र के पक्षियों, अण्डो एवं इन्फेक्टेड खाद्यान्न, औषधि, टीकाद्रव्य के डिस्पोजल एवं पुरे प्रक्षेत्र को डिस्इन्फेक्टेड की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने बताया है कि वर्तमान में प्रक्षेत्र में 3 हजार 533 लेयर पक्षी, 18 हजार 397 चूजे, 30 हजार 265 अण्डे  उपलब्ध है जिसका निस्तारण किया जा रहा है। 1 किलोमीटर की परिधि में विशेष टीम गठित कर सर्वे का कार्य प्रारंभ किया गया है। सर्वे उपरांत उक्त पक्षियों का डिस्पोजल एवं निरजंतुकरण किया जाएगा तथा शासन द्वारा निर्धारित क्षतिपूर्ति का भुगतान भी किया जाएगा। इस कार्यवाही के दौरान 10 किलोमीटर की परिधि में आने वाले समस्त कुक्कुट एवं कुक्कुट उत्पाद का विक्रय एवं परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।