सरगुजा:बहुत हो चुकी लापरवाही, अब मास्क नहीं तो होगी कार्रवाई

अंबिकापुर।।कोरोना संक्रमण को लेकर एक बार फिर प्रशासन सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में गुरूवार को मास्क नहीं लगाने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई। बलरामपुर में भी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो चुकी है। वहीं संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में पहले दिन नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने वालों को कार्रवाई की चेतावनी लाउडस्पीकर के माध्यम से दी गई है। देर शाम प्रशासन के अधिकारी शहर में कार्रवाई के लिए निकल चुके थे। शुक्रवार से बगैर मास्क के शहर में निकलने पर जुर्माने की कार्रवाई होगी। 

शहर में कोरोना संक्रमण जिस तेजी से बढ़ा था प्रशासन के साथ लोग भी काफी सतर्क थे। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में भी लोग बगैर मास्क के लोग बाहर नहीं निकलते थे। इधर संक्रमण कम हुआ और छूट मिली तो लोग मास्क लगाना भी भूल गए। प्रशासन भी कार्रवाई से हाथ खड़े कर लिया। यही नहीं सार्वजनिक आयोजन भी होने लगे और निजी समारोहों के साथ शासकीय समारोह होने लगे। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण मैनपाट महोत्सव है जहां हजारों की भीड़ शहर से लेकर गांव तक जमा हो गई। 

अब महाराष्ट्र के कुछ शहरों में लाकडाउन की स्थिति निर्मित होने व कोरोना के नए स्ट्रेंन मिलने के कारण राज्य में भी खतरा बढ़ गया लिहाजा प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बुधवार को कलेक्टरों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। जिसमें मास्क पहनना अनिवार्य किया है। सरगुजा प्रशासन इसको लेकर सतर्क हो गया है। अब जो बगैर मास्क के नजर आएंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी।

शहर की भीड़ से बढ़ेगा खतरा-

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में हर जिले से लोगों का आना-जाना होता है। शहर के हर चौक-चौराहों में भीड़ लगी होती है। लोग तीन-तीन सवारी दोपहिया वाहन में चल रहे हैं पर कोई मास्क नहीं लगाता। यह निश्चित रूप से खतरनाक है। शहर के गुदरीबाजार, थोक सब्जी मंडी के साथ बैंकों में उमड़ने वाली पर प्रशासन को नजर रखनी होगी।

स्कूलों में सतर्कता नहीं, हो रही लापरवाही-

जिले के शासकीय व निजी स्कूल खुल चुके हैं। स्कूलों में बच्चों की संख्या भी बढ़ चुकी है। बच्चे बगैर मास्क के स्कूल आना-जाना कर रहे हैं। स्कूल प्रबंधन के साथ अभिभावक भी इन चीजों को नजरअंदाज कर रहे हैं। स्कूलों में सतर्कता बेहद जरूरी है। हाल ही में सूरजपुर जिले के पंछीडांड़ स्कूल में बच्चे कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई जरूरी-

प्रशासन अक्सर शहर में मास्क न पहनने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई करता है पर ग्रामीण क्षेत्रों के साप्ताहिक बाजारों व ब्लाक मुख्यालयों में जहां भीड़ लगी रहती है कार्रवाई नहीं होती। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में संक्रमित मिल रहे हैं। गुरूवार को ही स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट आई है उसमें धौरपुर थाना क्षेत्र के दुंदु में संक्रमित व्यक्ति मिला है। थाने के ही दो कर्मचारी दो दिन पहले संक्रमित पाए गए थे।

बयान-

मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। इसमें लापरवाही उचित नहीं है। लोगों को खुद समझना चाहिए। संक्रमण बढ़ा तो सभी परेशान होंगे। हमने टीम बना दी है। पहले दिन समझाइश दी गई है। बाजार व शहर में कड़ाई से इसका पालन कराएंगे। खासकर स्कूलों में इसका पालन हो, इसके लिए स्कूल के प्राचार्य व प्रधान पाठक गंभीरता बरतें।

संजीव झा

कलेक्टर सरगुजा

Leave a Reply