सीईओ निलंबित,जन्मदिन की पार्टी में अधिकारियों की ड्यूटी लगाने पर

रायपुर।।संसदीय सचिव शकुंतला साहू के जन्मदिन की पार्टी में अधिकारियों की ड्यूटी लगाने पर जनपद पंचायत पलारी के सीईओ लखनलाल सोनवानी को निलंबित कर दिया गया है।

पंचायत विभाग के उप सचिव अशोक चौबे ने सिविल सेवा आचरण अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए सोनवानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में सोनवानी को जिला पंचायत बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय में अटैच किया गया है। निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वे बिना सक्षम स्वीकृति के जिला मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।

cg blb 03 officer suspended dry cg10036 08022021194117 0802f 1612793477 7037910345823980884118 console corptech

सात फरवरी को संसदीय सचिव शकुंतला साहू के जन्मदिन के अवसर पर दरी बिछाने से लेकर सैनिटाइजर की व्यवस्था करने के लिए 36 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। विवाद के बाद पंचायत विभाग ने सीईओ सोनवानी को निलंबित कर दिया। जन्मदिन कार्यक्रम में पलारी में 500 लोगों की उपस्थिति होने वाली थी। इसे देखते हुए सीईओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। सीईओ की ओर से ड्यूटी लगाने का पत्र वायरल होने के बाद इसका जमकर विरोध हुआ था। भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सनम जांगड़े ने विरोध करते हुए सीईओ पर कार्रवाई की मांग की थी।

विरोध के बाद भी मनाया जन्मदिन

संसदीय सचिव के जन्मदिन का कार्यक्रम जनपद पंचायत परिसर में ही किया गया था। शकुंतला साहू ने विरोध के बाद भी सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी के बीच अपना जन्मदिन मनाया। यही नहीं, शकुंतला ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज से जन्मदिन के कार्यक्रम को लाइव भी किया था।

रमन ने ट्वीट करके साधा निशाना

शकुंतला साहू के जन्मदिन पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाने पर पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने तंज कसा है। रमन ने ट्वीट किया-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। मंत्री-विधायक जन्मदिन मनाने में व्यस्त हैं। प्रशासन विधायकों की व्यवस्था में व्यस्त है और जनता हत्या, लूट, भ्रष्टाचार से त्रस्त है। वाह! छत्तीसगढ़ कांग्रेस क्या गढ़ रही है नवा छत्तीसगढ़! वहीं, छत्तीसगढ़ भाजपा ने ट्वीट किया-शकुंतला के जन्मदिन मनाने के लिए जारी सुविधा सूची इस बात का सबूत है कि कांग्रेस पार्टी अपने ऐशो आराम के लिए किस तरह जनता के खून पसीने की कमाई का दुरुपयोग करती चली आई है।

Leave a Reply