3 साल से फरार सरपंच गिरफ्तार, लाखों रुपये गड़बड़ी करने का था आरोप, पढ़ें पूरी खबर…

 

जशपुर।। में पुलिस ने 3 साल से फरार चल रहे गबन के आरोपी सरपंच को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी सरपंच ने सचिव के साथ मिलकर 6.20 लाख रुपए से ज्यादा के विकास कार्य की राशि हड़प ली थी। दोनों आरोपियों ने पहले बिना प्रस्ताव पास कराए, रुपए खाते से निकाल लिए। फिर निर्माण कार्य की राशि का भी गबन कर लिया था। जांच के दौरान ही सचिव की पहले मौत हो चुकी है। मामला मनोरा ब्लॉक का है। मनोरा जनपद के तत्कालीन CEO योगेंद्र श्रीवास ने फरवरी 2018 में ग्राम पंचायत कांटाबेल के सरपंच लक्ष्मण राम और सचिव के खिलाफ शासकीय राशि में अनियमितता को लेकर FIR दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि नवंबर 2015 से अप्रैल 2017 तक सरपंच और सचिव ने मिलकर गबन किया है। ग्रामीणों और पंचों की शिकायत पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार मनोर परमेश्वर मंडावी और पंचायत निरीक्षक माधव शर्मा से जांच कराई थी।

हालांकि सत्यापन के दौरान पता चला कि वसूली योग्य राशि 3.09 लाख रुपए से ज्यादा है। सरपंच और सचिव दोनों ने मिलीभगत कर राशि का गबन किया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ। अभी जांच चल ही रही थी कि सचिव की मौत हो गई। जबकि FIR दर्ज होने के बाद सरपंच भाग निकला। इसके बाद से पुलिस उसे तलाश कर रही थी। रविवार को सरपंच के उसके घर आने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply