कुछ कीजिए सर… वह किसी और का हो जाएगाः युवक के पिता दूसरी जगह करना चाहते थे शादी, प्रेमिका ने पुलिस से प्यार को पाने लगाई फरियाद, पुलिस ने प्रेमी जोड़े की मंदिर में कराई शादी
सिंगरौली। कुछ कीजिए सर… वह किसी और का हो जाएगा। मैं उससे बहुत प्यार करती हूं। लेकिन उसके पिता कहीं और शादी करना चाहते हैं। मैं अपने प्रेमी के बिना नहीं रह सकती। ये उस प्रेमिका की लाइन है, जो अपने प्रेमी से मिलवाने की फरियाद लेकर पुलिस थाने पहुंची थी। पूरा मामला सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बधौरा चौकी का है। प्रेमिका की फरियाद सुनने के बाद माड़ा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौहान ने लड़के एवं उसके परिजनों को थाने बुलाया। साथ ही लड़की और लड़के, दोनों के परिजनों को अपने पास बैठाकर समझाया। इसके बाद लड़के का पिता भी शादी के लिए मान गया। माड़ा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौहान ने अपने सामने मंदिर में प्रेमी जोड़े की शादी करवाई।
जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व रजमिलान की से रेखा साहू की मुलाकात दिलीप साहू से हुई थी। दोनों में प्रेम हो गया। जब यह बात उनके परिजनों को यह पता चली तो दोनों के परिवार वालों ने शादी की बात आगे बढ़ाई। हालांकि शादी कराने को लेकर लड़के के परिजन आनाकानी करते रहे। इसी दौरान दोनों का प्यार परवान चढ़ते चढ़ते रह गया।
अंत में प्रेमी युगल को थाने में परिजन से सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ी। पुलिस ने दोनों के परिवार वालों को थाने बुलाया और उन्हें शादी के लिए रजामंद किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक पुजारी का इंतजाम किया और माड़ा के एक मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। दोनों ने ईश्वर को साक्षी मानकर मंदिर में सात फेरे लिए। इसके बाद उन्होंने माड़ा निरीक्षक का आशीर्वाद लेकर उन्हें धन्यवाद दिया। आमतौर पर अपराधियों के पीछे भागती पुलिस और दिन भर थका देने वाली माथापच्ची के बाद पुलिस का यह सराहनीय काम की हर और प्रशंसा हो रही है।