नरेंद्र मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होगी जेडीयू, ललन सिंह का ऐलान

आरसीपी सिंह के जेडीयू से इस्तीफे की वजह से बिहार की राजनीति में मची हलचल के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि अब नीतीश कुमार की जेडीयू नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेगी।

बिहार में राजनीतिक हलचल मची हुई है। जहां एक ओर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आरसीपी सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है तो वहीं जेडीयू के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने ऐलान करते हुए कहा कि जदयू नरेंद्र मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम सीएम नीतीश कुमार के 2019 के फैसले पर कायम हैं। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के नरेंद्र मोदी सरकार में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि वे कैसे मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे, ये वही बताएंगे। वहीं भाजपा के साथ 2024 लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर ललन सिंह ने कहा कि कल किसने देखा है। 

मालूम हो कि बिहार में एनडीए की साथी होने की वजह से बीजेपी ने केंद्र सरकार में जेडीयू को एक मंत्रि पद दिया था, जिसके जरिए तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। हालांकि, आरसीपी सिंह के राज्यसभा से कार्यकाल खत्म होने के बाद जेडीयू से उन्हें फिर उच्च सदन नहीं भेजा गया। इसी वजह से आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री पद से अपना इस्तीफा देना पड़ा था।

इस्तीफे को लेकर आरसीपी पर साधा ललन सिंह ने निशाना – जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि आरसीपी सिंह का तन जदयू में और मन कहीं और था। ललन सिंह ने आगे कहा कि देर-सबेर आरसीपी सिंह को इस पार्टी से जाना ही था। वहीं आरसीपी सिंह के जेडीयू को डूबता जहाज कहने पर उन्होंने कहा कि जदयू डूबता नहीं दौड़ता जहाज है, आरसीपी को इसकी एबीसीडी भी नहीं पता है। आरसीपी जदयू के संघर्ष के नहीं सत्ता के साथी हैं। 

Leave a Reply