Cg – राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहुंचेगी छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ के 250 सौ कांग्रेसी होंगे यात्रा में

रायपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की पदयात्रा में छत्तीसगढ़ की मिट्टी और पानी लेकर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम पहुंचेंगे। मध्य प्रदेश के निमाड़-मालवा अंचल में 26 से 28 नवंबर के बीच प्रदेश के नेता पदयात्रा में शामिल होंगे।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा जिस राज्य से नहीं गुजर रही है, वहां के पदयात्री अपने साथ अपने क्षेत्र की मिट्टी और पानी लेकर पहुंचेंगे। इसी मिट्टी-पानी से यात्रा मार्ग पर पौधारोपण होता है। कोशिश यह है कि देश की अलग-अलग संस्कृति, परंपरा और भूगोल एक-दूसरे से जुड़ते चले जाएं।

प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया कि कांग्रेस की ओर से 250 यात्री 25 नवंबर को मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे। वहां 26 से 28 नवंबर तक सभी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेंगे। 250 नेताओं का नाम केंद्रीय कार्यालय को भेजा गया है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ पदाधिकारी और नेताओं के नाम शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के यात्री खरगोन जिले के खेरदा गांव से पदयात्रा में जुड़ेंगे। 26 नवंबर को मोरटक्का गांव में रात्रि विश्राम होगा। 27 नवंबर को यात्रा मोरटक्का से शुरू होकर इंदौर के महू तक जाएगी। 28 नवंबर को पदयात्रा महू से शुरू होकर इंदौर के राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। उस दिन रात्रि विश्राम इंदौर के खालसा स्टेडियम में होना है। इंदौर के बाद छत्तीसगढ़ के पदयात्री वापस लौट आएंगे।

महाराष्ट्र की पदयात्रा में पहुंचे सीएम बघेल

राहुल गांधी की पदयात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कन्याकुमारी में शामिल हुए। उन्होंने तमिलनाडु के कन्याकुमारी के एक समारोह में राहुल गांधी के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज सौंपकर इसकी शुरुआत की थी। बाद में वे केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अभी महाराष्ट्र में पदयात्रा में शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भी यात्रा में पहले दिन शामिल हुए। इसके बाद आंध्र प्रदेश की पदयात्रा में भी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ में भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी टीएस सिंहदेव महाराष्ट्र में पदयात्रा में शामिल हो चुके हैं।

यहां से शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी

26 नवंबर-मध्य प्रदेश के खेरदा से मोरटक्का गांव तक

27 नवंबर-मोरटक्का गांव से दशहरा मैदान महू तक

28 नवंबर- दशहरा मैदान महू से राजबाड़ा तक

28 नवंबर को राहुल गांधी की इंदौर के खालसा स्टेडियम में होगी सभा

Leave a Reply