छत्तीसगढ़ में आरक्षण विवाद के बीच सरकारी नौकरियों की बहार लाने की तैयारी, 25 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का…पढ़ें पूरी खबर
रायपुर।। आरक्षण विवाद के बीच राज्य सरकार सरकारी नौकरियों की बहार लाने की तैयारी कर रही है। शासन के विभिन्न् विभागों ने विभिन्न पदों पर 25 हजार से ज्यादा नौकरियों का प्रस्ताव दिया है जिसे कैबिनेट से स्वीकृति भी मिल चुकी है। आरक्षण का मुद्दा सुलझते ही इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। प्रदेश में एक साल के भीतर ही विधानसभा चुनाव होंगे इसलिए भर्ती की प्रक्रिया छह महीने में पूरी कर ली जाएगी। व्यापमं और पीएससी के पद पहले से ही सृजित हैं, अन्य विभागों ने भी अपने प्रस्ताव बना रखे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कह चुके हैं कि युवाओं को नौकरी देने का काम आरक्षण के कारण फंसा है।
शिक्षकों के सर्वाधिक 12500 पद
सबसे ज्यादा शिक्षकों के 12500 पद पर भर्ती की जाएगी। सहायक प्राध्यापक और प्राध्यापकों के 1800 पद, डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के 3500, होम गार्ड के 1600, पुलिस सब इंस्पेक्टर के 1000, वेटनरी फील्ड आफिसर के 150, मत्स्य निरीक्षक के 150, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड में 40 पद तथा राज्य पात्रता परीक्षा के आधार पर 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। वनरक्षक के 600, वन परिक्षेत्र अधिकारी के 70, आयुष विभाग में 1431, महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के 300, पीएससी के 210 पद, व्यवहार न्यायाधीश के 48 व अन्य विभागों में 1500 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव है।
परीक्षा के बाद अटकी नियुक्तियां
आरक्षण विवाद के चलते परीक्षा के बाद 897 पदों पर भर्ती अटकी हुई है। पीएससी 2021 के 171 पद, आयुर्वेद अधिकारी के 132, राज्य वन सेवा परीक्षा 2020 के 211, असिस्टेंट डायरेक्टर रिसर्च 2018 के दो पद, भृत्य पीएससी परीक्षा में चयनित 11 पद, राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 2021 के 85, फिजियोथेरेपिस्ट परीक्षा 2022 के 15, भृत्य भर्ती परीक्षा 2022 के 80, साइंटिफिक आफिसर 2022 के 23, कैज्यूअलिटी मेडिकल आफिसर 2022 के 21, सहायक प्राध्यापक नर्सिंग परीक्षा 2021 के 33, डेमोस्ट्रेटर नर्सिंग परीक्षा 2021 के 58 व माइनिंग इंस्पेक्टर परीक्षा 2022 के 35 पदों पर भर्ती अटकी है।
व्यापमं के अध्यक्ष डा. आलोक शुक्ला ने कहा, शिक्षकों सहित अन्य विभागों में भर्ती के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। शिक्षकों के पद सबसे ज्यादा हैं।
सीजीपीएससी के अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी ने कहा, आरक्षण तय होने के बाद ही भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो पाएगी। अभी नई भर्तियों के लिए क्या कर सकते हैं।