बड़ी खबर: स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बिलासपुर में भी एम्स स्थापित करने का प्रस्ताव रखा…पढ़ें पूरी खबर

बिलासपुर।। प्रदेश में दुसरा एम्स स्थापित होने की चर्चा ने जोड़ पकड़ लिया है। ऐसा इस लिए क्योंकि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इस एम्स को बिलासपुर में स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए मंत्री सिंहदेव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को एक पत्र भी लिखा है। टीएस सिंहदेव ने कहा कि बिलासपुर में एम्स खुलने से उस क्षेत्र के छह जिलों के अलावा मध्यप्रदेश, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के लोगों का इलाज आसान हो जाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने लिखा है, केंद्र सरकार अगर भविष्य में एक और नये एम्स की स्थापना पर विचार कर रही है तो बिलासपुर इसके लिए जन आकांक्षाओं के अनुरूप होगा। बिलासपुर जिला और संभाग का मुख्यालय है। यह मुंबई- हाबड़ा रेल मार्ग का जंक्शन है। यहां से हवाई सेवा भी शुरु हो चुकी है और सड़क से भी हर क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

उच्च न्यायालय, एसईसीएल और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे का मुख्यालय भी बिलासपुर में स्थित है। सरगुजा संभाग के छह जिलों अलावा दूसरे छह जिले भी बिलासपुर से लगे हुए हैं। यहां एम्स की स्थापना होने से बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा – मरवाही, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ सहित सरगुजा संभाग के छह जिलों के लोगों को भी फायदा होगा। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के लोग भी यहां चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने पत्र में लिखा है, बिलासपुर में एम्स की स्थापना के लिए जरूरी जमीन और दूसरे संसाधन मौजूद हैं। बस्तर संभाग में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज और सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल के साथ कांकेर का नया मेडिकल कॉलेज मौजूद है। ऐसे में बिलासपुर में एम्स की स्थापना से पूरे प्रदेश को फायदा होगा।

 

Leave a Reply