सरगुजा: थर्ड डिग्री ठंड का, एक व्यक्ति की मौत: शराब पीकर रात में खुले में सो गये थे, एक उठा ही नहीं, दूसरे की हालत गंभीर…

सरगुजा।। छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री पहुंचने के साथ ही मौसम की थर्ड डिग्री शुरू हो गई है। सरगुजा के मैनपाट में एक अधेड़ की ठंड की वजह से मौत हो गई है। वहीं से एक दूसरे व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया है। उसकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है, दोनों शराब पीकर बीती रात खुले में ही सो गये थे।

शनिवार की सुबह दो लोग मैनपाट में दो दुकानों के बाहर जमीन पर सोए हुए मिले। ग्रामीणों की सूचना पर कमलेश्वर थाने की पुलिस वहां पहुंची तो उनमें से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। दूसरे व्यक्ति की हालत भी खराब थी। उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान उदयपुर के करमहा गांव निवासी बनवारी मझवार के तौर पर हुई है। उसी गांव के दूसरे व्यक्ति भोलू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है ये दोनों लोग करमहा गांव से मैनपाट में छेरछेरा त्योहार मनाने आए थे। दोनों ने शुक्रवार को एक साथ शराब पीया। उसके बाद दुकानों के बाहर खुले में ही सो गए। रात में इलाके का तापमान बेहद नीचे चला जाता है। यह स्थिति जानलेवा साबित हुई। शनिवार सुबह लोगों ने उनको बेसुध लेटे हुए देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह का खुलासा हो पाएगा।

 

Leave a Reply