महिला सरपंच और पति के साथ रोजगार सहायक ने की मारपीट, केस दर्ज…

राजनांदगांव।। मरेठानवागांव पंचायत की महिला सरपंच और उसके पति के साथ एक रोजगार सहायक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी को चोंट भी पहुंची है। लालबाग थाना में मारपीट की शिकार महिला सरपंच और उसके पति ने शिकायत की है। मिली जानकारी के मुताबिक संजय ठाकुर ग्राम भोथली का रहने वाला है। उसकी पत्नी भुनेश्वरी ठाकुर वर्तमान में ग्राम पंचायत मरेठानवागांव की सरपंच है। 27 जनवरी की दोपहर 2 बजे पत्नी के साथ ग्राम पंचायत पहुंचे संजय ठाकुर जब टेबल में रखे मस्टर रोल को देख रहा था। उसी दौरान रोजगार सहायक याददास साहू पहुंच गया।

रोजगार सहायक ने मस्टर रोल देखने पर आपत्ति दर्ज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इस बीच ठाकुर दंपत्ति ग्राम पंचायत से निकल गए। रोजगार सहायक साहू गाली- गलौज करते हुए दोनों का पीछा करते पहुंचा और रास्ते में रोककर हाथापाई की। पति की पिटाई देखकर महिला सरपंच ने बीच-बचाव की कोशिश की। गुस्से में रोजगार सहायक ने महिला सरपंच को भी नहीं बख्शा और उसने उसे धक्का लगा दिया। जिससे महिला सरपंच के दांई कलाई में चोट पहुंची है। वहीं पति के चेहरे, गला और सीने में भी चोट पहुंची है। रोजगार सहायक के खिलाफ लालबाग पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply