2 बच्चों के सामने बाप-बेटी की मौत: मछली मार कर तालाब पार कर रहे पिता-पुत्री की डूबने से मौत, पीठ पर बैठी थी बेटी…

अंबिकापुर।। सरगुजा जिले में 2 बच्चों के सामने उनके पिता और बहन की मौत हो गई। युवक अपने तीन बच्चों को लेकर मछली मारने गया था। वापस लौटने के दौरान उसका पैर कीचड़ में फंस गया। बेटी पानी में गिर गई और वह उसे बचा नहीं सका। आखिरकार दोनों की डूबने से जान चली गई। घटना के 18 घंटे बाद दोनों की लाश मिली है। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है।
गुरुवार को ग्राम जरहाडीह निवासी रामू (40) दोपहर करीब 12 बजे के आस-पास अपने बेटे विनोद (10), बेटी कांशी (8) और आंशी (5) को लेकर गांव से एक किलोमीटर दूर बड़े तालाब में मछली मारने गया था। मछली मारे के बाद सभी 1 से 2 बजे के बीच वापस लौट रहे थे। तभी रामू ने विनोद और आंशी को दूसरे रास्ते से घर जाने कहा था।
पीठ में बिठाकर पार कर रहा था तालाब
वहीं रामू कांशी को पीठ में बिठाकर तालाब पार कर रहा था। उसी दौरान वह कीचड़ में फंस गया। जिससे उसकी बेटी तालाब में गिर गई। इस पर उसने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की। मगर बचा नहीं सका। उसका पैर वहीं फंसा रह गया। कुछ देर बाद दोनों डूब गए।
गहराई में जाने के चलते गई जान
घटना के बाद रामू का बेटा विनोद और आंशी तालाब के दूसरी ओर ही खड़े थे। उन्होंने अपने सामने ये सब कुछ होते हुए देखा। दोनों चीखते-चिल्लाते रहे। मगर आस-पास कोई नहीं था, जो मदद करने सामने आ सके। कहा जा रहा है कि रामू और कांशी जिस जगह पर फंसे थे, वह गहरा था। इसी गहराई के चलते दोनों की मौत हुई है।
शाम होने के कारण नहीं शुरू हो सका रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद विनोद ने गांव वालों को सूचना दी। फिर ग्रामीणों ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की। लेकिन काफी मशक्कत के बाद दोनों का कुछ पता नहीं चला। प्रशासन को भी इस बात की सूचना दी गई थी। जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, पर शाम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका।
शुक्रवार सुबह मिली लाशें
इसके बाद अगले दिन सुबह 7 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तब सुबह 8 बजे के आस-पास दोनों के शव मिले हैं। जिसके बाद शवों को पीएम के लिए भेजा गया था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।