अम्बिकापुर: बतौली क्षेत्र में संचालित गुड़ फैक्ट्री में दो पक्षों के मारपीट, विवाद बढ़ा… जानें पूरा मामला

बतौली।। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के बेलकोटा में संचालित गुड़ फैक्ट्री में मजदूरी भुगतान को लेकर ठेकेदार व मजदूरों में झड़प का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के सीतापुर भिठनाकला के 50 मजदूरों ने गुड फैक्ट्री संचालक पवन तोमर पर मारपीट व मजदूरी राशि नहीं देने का आरोप लगा बतौली थाना पहुंच शिकायत की थी। इसके बाद आरोप लगाया जा रहा है कि बतौली पुलिस द्वारा रात आठ बजे पवन तोमर व उनकी पुत्री शिल्पा को थाने लाकर बैठा दिया गया। उस दौरान थाने में कोई भी महिला आरक्षक उपस्थित नहीं थी, फिर भी बतौली पुलिस द्वारा रात 11:30 बजे तक दोनों पिता-पुत्री को अलग अलग स्थान पर बैठाया गया।

फिर रात को दोनो को थाने से छोड़कर सुबह थाने में उपस्थित होने कहा गया। पिता पुत्री अपना पक्ष बताते रहे लेकिन पुलिस उनकी एक भी नहीं सुनी। ऊपर से मजदूरों से विवाद के दौरान गुड़ फैक्ट्री संचालक की 29 वर्षीय बेटी शिल्पा को ईट से हमला कर घायल कर दिया गया था फिर भी बतौली पुलिस दर्द से छटपटाती शिल्पा को सुबह जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया और रिपोर्ट भी नही लिखी गई।

दूसरे दिन सुबह सभी मजदूर और गुड़ संचालक अपने ठेकेदार के साथ थाने पहुंचे जहां फिर से पैसे की मांग संचालक से करने लगे और विवाद थाने में ही होने लगी। दोनो पक्षों को थाने से बाहर भेज कर मजदूरी राशि देने संचालक को कहा गया। पिछले चार महीने से कार्य में लगे उत्तर प्रदेश के मजदूरों को 15 लाख लगभग बकाया राशि अटका पड़ा था जिसे चेक के माध्यम से संचालक द्वारा ठेकेदार को दे दिया गया था फिर भी मजदूर नगद राशि की मांग करते रहे जिसे फैक्ट्री ले जाकर सभी मजदूरों को नगद राशि देकर ठेकेदार अपने साथ सभी मजदूरों को यूपी ले गया।

ये है विवाद का कारण-

बताया जा रहा है कि बेलकोटा में पिछले 10 वर्षों से पवन तोमर गुड फैक्ट्री का संचालन कर रहे हैं। बाद में एक और गुड फैक्ट्री अंबिकापुर के एक व्यवसायी द्वारा खोल दिया गया। बताया जा रहा है कि व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा की वजह से यहां अक्सर विवाद की स्थिति रहती है। मजदूरों का मजदूरी भुगतान भी इसी विवाद की परिणति है।

Leave a Reply