अम्बिकापुर: राशन बांटने के नाम पर 1 करोड़ का घोटाला, जिसे बांटना था, उसे बांटा नहीं; 11 लोगों के खिलाफ केस…

अम्बिकापुर/सरगुजा।। में राशन दुकानों से राशन बांटने के नाम पर एक करोड़ 40 लाख रुपए का घोटाला करने का मामला सामने आया है। जिसे राशन बांटना था, उसे बटा ही नहीं, बल्कि कहीं और बेच दिया गया। इस मामले की शिकायत भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने कलेक्टर से की थी। शिकायत के आधार पर जांच करवाई गई। जिसके बाद कोतवाली और गांधीनगर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह पूरा मामला अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में संचालित 4 सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों से जुड़ा है। ऐसा बताया गया है कि इन सभी दुकानों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ने मिलकर इतना बड़ा हेरफर कर दिया। जिन दुकानों ने हेरफेर किया है। इनमें जाकिर हुसैन वार्ड बरेजपारा में संचालित सदर खाद्य सुरक्षा पोषण उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति, अन्नपूर्णा खाद्य सुरक्षा पोषण उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति सत्तीपारा, गोधनपुर सोसायटी, नमनाकला सोसायटी का नाम शामिल है। ये सभी समितियां ही सरकारी दुकानों का संचालन करती हैं।

इन लोगों के खिलाफ एफआईआर

इस मामले में पुलिस ने अनवारूल, नाजिया बानो, मुस्तेबा खान, रणजीत कौर, रुपिंदर कौर, खुशदिल अहमद, दशरथ सोनी, अभय राज, मनीष मेहता समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ये सभी अलग-अलग सोसायटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष हैं।

4 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया

भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने 4 करोड़ रुपए के राशन हेराफेरी करने का आरोप दुकान संचालकों व सेल्समैनों पर लगाया था। आलोक दुबे ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की थी। इस मामले की जांच खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण रायपुर द्वारा कराई गई थी। जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने नहीं बताया आरोपियों का नाम

उधर, पुलिस ने मामले में केस तो दर्ज कर लिया था। मगर आरोपियों का नाम नहीं बताया। पुलिस ने कहा कि हम आप लोगों को नाम नहीं बता सके। मामला काफी सेंसिटिव है। बाद में खाद्य विभाग की तरफ से आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सकी है।

Leave a Reply