Ambikapur News : पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, मां- बेटा दोनो गिरफ्तार…

अंबिकापुर।। शहर से लगे ग्राम जगदीशपुर में मंगलवार की रात अमरेश यादव (24) की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पड़ोस में रहने वाले रूपनारायण राजवाड़े (21) ने अपनी मां सोनकेलिया के साथ मिलकर घटना कारित की। सुबह से दोनों शराब का सेवन कर साथ घूम रहे थे। शाम को मृतक जब आरोपित के घर पहुंचा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। युवक को घर के भीतर ले जाकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव में लगी मृतक की मां को भी आरोपितों ने पीटा। पुलिस ने हत्या के आरोप पर मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना जगदीशपुर के पटेलपारा की है। मृतक की मां रामबाई यादव के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह से उनका पुत्र अमरेश यादव पड़ोस में रहने वाले रुपनारायण राजवाड़े के साथ मिलकर शराब का सेवन कर घूम रहा था। शाम को अमरेश घर आ गया था। शाम सात बजे वह फिर घर से निकला और रुपनारायण के घर पहुंच गया। आरोपित के घर से जोर-जोर से आवाज आने पर वह उसके घर पहुंच गई। उसने देखा कि उसका पुत्र अमरेश यादव गुड़ाखू करने के बाद मुंह धो रहा था। आरोपित रूपनारायण उसे धमका रहा था कि वह उसके घर क्यों आया है? शराब के नशे में गाली-गलौज करने का आरोप लगा वह अमरेश को खींचने लगा। उसकी मां, बेटे को साथ ले जाने का प्रयास की तो आरोपित की मां सोनकेलिया ने घर का दरवाजा बंद कर दिया।

मृतक की मां के साथ आरोपित ने मारपीट की। वह जान बचाने के लिए रिश्तेदारों को बुलाने गई। इधर आरोपितों ने मृतक अमरेश यादव को घर के भीतर खींचकर ले जाने के बाद सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी। जब तक मृतक के रिश्तेदार वहां पहुंचते युवक की मौत हो चुकी थी। आरोपित भाग गया था। सूचना पर सीएसपी स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। आरोपित की मां सोनकेलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बेटे आरोपित रूपनारायण राजवाड़े को भिट्ठिकला स्थित ससुराल के पास से पकड़ा गया। आरोपित रुपनारायण उर्फ रूपन राजवाड़े (21) व सोनकेलिया राजवाड़े (40) को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश होने के कारण वाद विवाद होने पर मृतक अमरेश यादव के सिर मे पत्थर मारकर हत्या कारित करना स्वीकार किया गया है।

Leave a Reply