मुर्गा और अंडा खाने से बिगड़ी तबीयत, 4 लोगों की हालत चिंताजनक…

दंतेवाड़ा।। जिले के एक गांव में मुर्गा और अंडा खाने के बाद सल्फी पीने से 11 लोग फूड प्वॉइजनिंग के शिकार हो गए। इनमें से 16 साल के एक किशोर की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, बीमार 6 मजदूरों का पालनार में और 4 लोगों का किरंदुल के परियोजना अस्पताल में इलाज चल रहा है। 4 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी उल्टी, दस्त से ग्रसित हैं। मामला जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के पालनार ग्राम पंचायत का है। इस ग्राम पंचायत के देवा, बुधराम, अक्षय समेत कुल 11 ग्रामीण नकुलनार में मजदूरी काम करने गए थे। वे 3-4 दिनों से वहीं डेरा में रहकर ही काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि, 2 दिन पहले सभी ने रात में मुर्गा और अंडा बनाकर खाया था। जिसके बाद सभी ने सल्फी भी पी ली। फिर सुबह भी इसी खाने को खा लिया था। जिसके बाद एकाएक सभी की अचानक तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। सभी ग्रामीण फूड प्वॉइजनिंग के शिकार हो गए।

इन सभी को उल्टी-दस्त होनी शुरू हो गई। जिनका घर पर ही देसी इलाज किया जा रहा था। इधर, शुक्रवार की सुबह 16 साल के एक किशोर अक्षय की अचानक तबीयत जादा बिगड़ गई। जिसे अस्पताल लाने की परिजन तैयारी कर रहे थे कि इसी बीच उसने दम तोड़ दिया। 1 मजदूर की मौत होने के बाद अन्य जो बीमार थे, उन्हें उनके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। इनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Reply