दर्दनाक हादसा: अम्बिकापुर-बनारस मार्ग के ज़र्जर सड़क पर तेज गति की दो मोटरसाइकिल में टक्कर, तीन की मौत 1 की हालत गंभीर…

वाड्रफनगर।। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर बसंतपुर के लेदो नदी पुल के पास जर्जर सड़क और तेज गति के कारण बड़ा हादसा हो गया। गड्डों से बचने के चक्कर मे तेज गति की दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बसंतपुर महुवारीपारा निवासी अजय पोया (35), विनोद कुमार (45), निरासो बाई (52) शामिल है। दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल है।उसका उपचार वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में चल रहा है।

बलरामपुर जिले के बसंतपुर निवासी अजय पोया गुरुवार की शाम अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 30 ई 2920 से वाड्रफनगर की ओर आ रहा था।इधर दैनिक मजदूरी कर उसी गांव का विनोद कुमार, दो श्रमिक महिलाओं निरासो बाई व मानपति को साथ लेकर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएच 5747 से वाड्रफनगर से गांव वापस लौट रहा था। वाड्रफनगर और बसंतपुर के बीच लेदो नदी पुल के पास तेज गति की दोनों मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिल में सवार लोग छिटक कर दूर जा गिरे।इधर दोनों मोटरसाइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।घायलों के सिर और चेहरे के हिस्से में गंभीर चोट आई।

दो मोटरसाइकिल के बीच टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी तत्काल घटनास्थल पहुंच गए थे। लहूलुहान चारों लोगों को तत्काल वाड्रफनगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने अजय पोया, विनोद कुमार व निरासो बाई को मृत घोषित कर दिया। मानपति नामक महिला को चोट आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। एक ही ग्राम के तीन लोगों की मौत से शोक का माहौल है। दुर्घटना की खबर पर बड़ी संख्या में गांववाले व स्वजन भी घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गए थे।

दोनों चालक ने नहीं पहना था हेलमेट

सरगुजा संभाग के सभी जिलों में सुरक्षित यातायात के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। हेलमेट पहनने के साथ यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है इसके बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे है।लेदो नदी के समीप हुई दुर्घटना में भी दोनों मोटरसाइकिल चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट नहीं पहनने के कारण दोनों चालक के सिर में गंभीर चोट आई थी।

 

Leave a Reply